केरल के सामने वित्तीय संकट, अगले महीने लाएंगे ‘श्वेत पत्र’: सतीशन
केरल के सामने वित्तीय संकट, अगले महीने लाएंगे ‘श्वेत पत्र’: सतीशन
नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार जून के पहले सप्ताह में राज्य की वित्तीय स्थिति के बारे में एक श्वेत पत्र लाएगी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में अपनी पहली प्रेस वार्ता में सतीशन ने कहा कि राज्य वित्तीय संकट का सामना कर रहा है और केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी किए जाने के कारण आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की और केंद्र-राज्य संबंधों और वित्तीय मुद्दों सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
सतीशन ने कहा कि राज्य से जुड़ी परियोजनाओं और विकास गतिविधियों के लिए केंद्र से अधिकतम सहायता प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
उनके मुताबिक, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि राज्य के विकास की परियोजनाओं में केंद्र पूरा सहयोग करे।
केरल के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार ने तेल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी की है। चूंकि केरल एक उपभोक्ता राज्य है, इसलिए कीमतों में बढ़ोतरी से केरल पर बहुत बुरा असर पड़ेगा।’’
उनके अनुसार, खाड़ी देशों से भेजा गया धन केरल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और जब से युद्ध शुरू हुआ है, इसने राज्य को प्रभावित किया है।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ के पेपर लीक मामले से जुड़े प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट के संदर्भ में केरल की चिंताओं से केंद्र सरकार को अवगत करा दिया गया था।
हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की प्रचंड जीत के बाद सतीशन ने 18 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस चुनाव में यूडीएफ ने 102 सीटें जीती थीं। एलडीएफ और भाजपा ने क्रमशः 35 और 3 सीटें हासिल कीं।
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप

Facebook


