केरल की स्वास्थ्य मंत्री पर ‘आत्मघाती हमलावरों’ ने हमला किया था: माकपा नेता का दावा

केरल की स्वास्थ्य मंत्री पर ‘आत्मघाती हमलावरों’ ने हमला किया था: माकपा नेता का दावा

केरल की स्वास्थ्य मंत्री पर ‘आत्मघाती हमलावरों’ ने हमला किया था: माकपा नेता का दावा
Modified Date: February 26, 2026 / 11:06 am IST
Published Date: February 26, 2026 11:06 am IST

कन्नूर (केरल), 26 फरवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता एम वी जयराजन ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि एक ‘‘आत्मघाती हमलावर’’ ने स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज की हत्या का प्रयास किया था। जॉर्ज कन्नूर रेलवे स्टेशन पर केरल छात्र संघ (केएसयू) के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर घायल हो गई थीं।

जयराजन ने अपने दावे के समर्थन में पत्रकारों को अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो दिखाया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री के तिरुवनंतपुरम स्थित आधिकारिक आवास पर पहले पुष्पचक्र अर्पित किया गया था, जो इस बात का प्रतीक था कि अब वह ‘‘जीवित नहीं’’ रहीं।

जयराजन ने कहा कि केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन और कांग्रेस ने कहा है कि उन्होंने पुष्पचक्र चढ़ाने की अनुमति नहीं दी।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर इन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई होती तो मंत्री पर जानलेवा हमला नहीं होता। विपक्ष के नेता यह कहकर इस कृत्य को सही ठहरा रहे हैं कि केएसयू कार्यकर्ता मंत्री के पास नहीं आए थे। हालांकि, मेरे पास जो फुटेज हैं, उनमें मंत्री की गर्दन के दाहिनी ओर एक काला कपड़ा दिखाई दे रहा है।’’

उन्होंने दावा किया कि फुटेज से पता चलता है कि कथित ‘‘आत्मघाती हमलावरों’’ में से एक मंत्री के काफी करीब पहुंच गया था, जो सफेद कमीज पहने हुए था।

जयराजन ने आरोप लगाया कि मंत्री के साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा, ‘‘यह हमला आपराधिक गिरोह के एक सदस्य ने किया था। चूंकि उन्हें घटनास्थल से हटा दिया गया था, इसलिए वे मंत्री की हत्या नहीं कर सके। हमला मंत्री को जान से मारने के इरादे से किया गया था।’’

उन्होंने केएसयू कार्यकर्ताओं के हमले को ‘‘अत्यंत निंदनीय’’ करार दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित विरोध प्रदर्शनों के खिलाफ नहीं हैं। काले झंडे लेकर विरोध मार्च में भाग लेने के दौरान पुलिस ने हमारी पिटाई की, लेकिन किसी भी मंत्री पर हमला नहीं हुआ।’’

समूचे केरल के सरकारी अस्पतालों में हाल में हुई चिकित्सीय लापरवाही की घटनाओं के विरोध में केएसयू कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कन्नूर रेलवे स्टेशन पर जॉर्ज के खिलाफ प्रदर्शन किया।

घटना के बाद जॉर्ज ने गर्दन में दर्द की शिकायत की और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद पुलिस ने कांग्रेस के छात्र संगठन केएसयू के पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

इस बीच, माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने आरोप लगाया कि केरल में अब कॉरपोरेट कंपनियां निजी अस्पतालों पर कब्जा कर रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जॉर्ज के आवास पर पुष्पचक्र चढ़ाने वाले लोग रेलवे स्टेशन पर उन पर हुए हमले में भी शामिल थे।

गोविंदन ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता वी डी सतीशन के नेतृत्व में राज्य भर में आयोजित की जा रही रैली ‘‘झूठ फैलाने’’ का एक मंच है।

उन्होंने कहा कि माकपा विरोध प्रदर्शनों के खिलाफ नहीं है। ‘‘लेकिन अब तक राज्य के इतिहास में किसी भी महिला मंत्री के साथ बदसलूकी नहीं हुई है और न ही हत्या का प्रयास किया गया है।’’

पुलिस की कथित विफलता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश थी और जब भी ऐसी घटनाएं होती हैं, तो पुलिस को दोषी नहीं ठहराया जा सकता।

कांग्रेस और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने मंत्री पर किसी भी तरह के हमले से इनकार किया है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में