केरलम: विपक्ष ने चार्टर्ड उड़ान को लेकर मुख्यमंत्री सतीशन पर हमले तेज किये
केरलम: विपक्ष ने चार्टर्ड उड़ान को लेकर मुख्यमंत्री सतीशन पर हमले तेज किये
तिरुवनंतपुरम, 24 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन की बारिश से प्रभावित मलप्पुरम की हालिया चार्टर्ड उड़ान यात्रा को लेकर विपक्ष ने उन पर हमले तेज कर दिए हैं।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के नेताओं ने यात्रा के अज्ञात प्रायोजक के बारे में सवाल उठाए हैं एवं डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) ने विमान का प्रबंध करने वाले व्यक्ति की पहचान उजागर करने की मांग को लेकर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है।
भाकपा प्रदेश सचिव बिनय विश्वम ने सतीशन की हवाई यात्रा की कड़ी आलोचना की और तंज कसा कि ऐसे मुख्यमंत्री को देखकर केरलम जरूर ‘हैरान’ हुआ होगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रयोजक कोई ऐसा व्यक्ति है जिसका नाम उजागर नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सतीशन अमीरों को देखकर अपनी जिम्मेदारियां भूल जाते हैं।
विश्वम ने सरकार के विदेश दौरों और मंत्रियों द्वारा निजी वाहनों के इस्तेमाल की भी आलोचना की तथा आरोप लगाया कि राज्य में ऐसी कोई दूसरी सरकार नहीं रही है जिसकी असलियत इतनी जल्दी सामने आ गई हो।
भाकपा नेता के. राजन ने एक जवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा कि चार्टर्ड उड़ान यात्रा पर मुख्यमंत्री का जवाब जनता को चुनौती जैसा है।
उन्होंने कहा, ‘‘सत्ता में बैठे लोगों की जनता के प्रति जवाबदेह होने की ज़िम्मेदारी थी और उड़ान से जुड़ा रहस्य हर पल बढ़ता जा रहा है।’’
राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे पारदर्शी होने चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा के समय मुख्यमंत्री का कहीं भी जाना गलत नहीं है, लेकिन ऐसे दौरों की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
इस बीच, विपक्षी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की युवा शाखा ‘डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ़ इंडिया’ ने सतीशन के उस रुख के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रायोजक की जानकारी का खुलासा नहीं किया जाएगा।
विपक्ष की यह आलोचना मंत्रियों की हालिया विदेश यात्राओं, सतीशन की बारिश से प्रभावित मलप्पुरम की चार्टर्ड उड़ान यात्रा और स्थानीय स्वशासन मंत्री के.एम. शाजी द्वारा अपने दोस्त की महंगी कार को आधिकारिक गाड़ी के तौर पर इस्तेमाल करने को लेकर चल रहे बड़े विवाद के बीच आई है।
सतीशन ने बुधवार को हाल की अपनी चार्टर्ड उड़ान यात्रा के प्रयोजक का नाम बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने अपने मंत्रियों के प्रायोजित विदेश दौरों का भी बचाव किया।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों– पिनराई विजयन एवं ओमन चांडी का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने भी निजी व्यक्तियों द्वारा प्रबंध किये गये विमानों से यात्रा की थी।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


