केरल पुलिस ने फर्जी फ्लिपकार्ट ‘गोट’ सेल घोटाले के प्रति आगाह किया

केरल पुलिस ने फर्जी फ्लिपकार्ट ‘गोट’ सेल घोटाले के प्रति आगाह किया

केरल पुलिस ने फर्जी फ्लिपकार्ट ‘गोट’ सेल घोटाले के प्रति आगाह किया
Modified Date: July 6, 2026 / 08:21 pm IST
Published Date: July 6, 2026 8:21 pm IST

तिरुवनंतपुरम, छह जुलाई (भाषा) केरल पुलिस ने सोमवार को लोगों को एक नयी तरह की साइबर धोखाधड़ी के बारे में आगाह किया, जिसके तहत जालसाज ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट की ‘गोट’ सेल के नाम पर बनाए गए फर्जी सोशल मीडिया पेज और विज्ञापनों का इस्तेमाल कर लोगों को ठग रहे हैं।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि जालसाजों ने सीधे-सादे ग्राहकों को लुभाने के लिए ‘फ्लिपकार्ट गोट सेल’, ‘गोट सेल लाइव’, ‘ऑफर सेल’ और ‘एफके गोट ऑफर’ जैसे नामों का इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट के असली अकाउंट जैसे दिखने वाले नकली फेसबुक पेज बनाए हैं।

बयान के मुताबिक, खरीदारों को लुभाने के लिए फर्जी फेसबुक पेज पर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बहुत सस्ते दामों पर उपलब्ध होने संबंधी विज्ञापन दिखाए जाते हैं।

इसमें कहा गया है कि विज्ञापन पर क्लिक करने वाले उपयोगकर्ताओं को या तो फ्लिपकार्ट के आधिकारिक पोर्टल से मेल खाने वाली फर्जी वेबसाइट पर ले जाया जाता है या फिर निजी व्हॉट्सएप नंबर पर।

बयान के अनुसार, इसके बाद जालसाज “स्टॉक सीमित है” या “ऑफर खत्म होने वाला है” जैसे मैसेज के जरिये उपयोगकर्ताओं में हड़बड़ी पैदा करने की कोशिश करते हैं और उन्हें बुकिंग शुल्क, अग्रिम भुगतान, डिलीवरी शुल्क या ऑफर पुष्टि शुल्क के तौर पर पैसे अंतरित करने के लिए मनाते हैं।

इसमें कहा गया है कि पैसे मिलने के बाद जालसाज उत्पाद की आपूर्ति नहीं करते, अतिरिक्त भुगतान की मांग करते हैं और संपर्क समाप्त कर देते हैं।

बयान में लोगों को फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हॉट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया मंच पर दिए जाने वाले ऑफर पर बिना ठीक से जांच-पड़ताल किए भरोसा न करने की सलाह दी गई है।

इसमें कहा गया है कि उपयोगकर्ताओं को ऑफर की सत्यता जांचने के लिए सिर्फ फ्लिपकार्ट के आधिकारिक मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर ही भरोसा करना चाहिए और उन्हें सोशल मीडिया पर दिए गए किसी भी लिंक के जरिये भुगतान करने या निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए।

भाषा पारुल अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में