केरल पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी को लेकर लोगों को आगाह किया
केरल पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी को लेकर लोगों को आगाह किया
तिरुवनंतपुरम, 20 जून (भाषा) केरल पुलिस ने बड़े पैमाने पर हो रही साइबर वित्तीय धोखाधड़ी को लेकर शनिवार को लोगों को आगाह किया। ऐसी धोखाधड़ी में जालसाज लोगों को फंसाने के लिए व्हाट्सऐप संदेश के जरिए प्रमुख डेयरी कंपनियों और बिजनेस ब्रांड के नाम और ‘लोगो’ का गलत इस्तेमाल करते हैं।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि साइबर अपराधी जाने-माने ब्रांड के नाम पर ‘वर्षगांठ उपहार’ या ‘मुफ्त उपहार’ देने का दावा करते हुए लिंक भेजते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करते ही फर्जी वेबसाइट खुलती है जो कंपनी के असली पोर्टल जैसा होता है।
बयान में कहा गया है कि इसके बाद पीड़ितों से कुछ प्रश्नों के उत्तर देने के लिए कहा जाता है और उन्हें झूठे तरीके से यह बताया जाता है कि उन्होंने ‘स्क्रैच एंड विन’ योजना के तहत कोई पुरस्कार जीत लिया है।
इसके बाद अपराधी उपयोगकर्ताओं से इनाम पाने की शर्त के तौर पर उस संदेश को दोस्तों या व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा करने के लिए कहते हैं।
पुलिस के अनुसार, ऐसे लिंक पर क्लिक करने से साइबर ठग पीड़ित के फोन पर नियंत्रण प्राप्त कर सकते हैं, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी और वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) चुरा सकते हैं तथा बैंक खातों से पैसे निकाल सकते हैं।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे व्हाट्सऐप या एसएमएस के जरिए मिले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंक से संबंधित जानकारी, ओटीपी या एटीएम पिन किसी के साथ साझा न करें।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश

Facebook


