केरल : भाजपा के मुहर मामले में दो निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से हटाया गया
केरल : भाजपा के मुहर मामले में दो निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी से हटाया गया
तिरुवनंतपुरम, 28 मार्च (भाषा) केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रत्न यू केलकर ने राजनीतिक दलों को भेजे गए एक दस्तावेज पर भाजपा की मुहर लगे होने के मामले में कार्रवाई करते हुए शनिवार को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी और एक अनुभाग अधिकारी को उनके मूल विभागों में वापस भेज दिया।
निर्वाचन आयोग के एक बयान में कहा गया है कि यह निर्णय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी (आईएएस) एवं मौजूदा समय में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर तैनात पी बी नूह की जांच के बाद लिया गया।
बयान के मुताबिक जांच रिपोर्ट के आधार पर उप के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और अनुभाग अधिकारी को उनके चुनाव संबंधी कर्तव्यों से मुक्त कर उनके मूल विभागों में वापस भेज दिया गया है।
यह विवाद तब सामने आया जब मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर 23 मार्च को इस मुद्दे को उठाया और 19 मार्च, 2019 को राजनीतिक दलों को भेजे गए एक पत्र के साथ संलग्न हलफनामे को साझा किया, जिस पर निर्वाचन आयोग की आधिकारिक मुहर के बजाय भाजपा की केरल इकाई की मुहर लगी हुई थी।
निर्वाचन आयोग ने इसे ‘‘पूरी तरह से लिपिकीय त्रुटि’’ करार दिया था और कहा था कि इसे तुरंत ठीक कर लिया गया है।
इसमें कहा गया है कि गलती के लिए जिम्मेदार अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


