फरीदाबाद में 500 रुपये के विवाद में मजदूर की हत्या, ठेकेदार गिरफ्तार

फरीदाबाद में 500 रुपये के विवाद में मजदूर की हत्या, ठेकेदार गिरफ्तार

फरीदाबाद में 500 रुपये के विवाद में मजदूर की हत्या, ठेकेदार गिरफ्तार
Modified Date: August 31, 2026 / 10:32 pm IST
Published Date: August 31, 2026 10:32 pm IST

फरीदाबाद, 31 अगस्त (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में 500 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 26-वर्षीय एक मजदूर की उसके ठेकेदार ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बीयर की बोतल से मजदूर के सिर पर वार किया और फिर टूटे हुए कांच से उसका गला रेत दिया।

पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल मजदूर को ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एनआईटी थाना पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गांधी कॉलोनी निवासी सागर के रूप में हुई है। वह आरोपी ठेकेदार कालू के पास मजदूरी करता था। कालू भी उसी इलाके का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है, जब सागर और कालू रेलवे स्टेशन के पास बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सागर ने कथित तौर पर कालू से उधार दिए गए 500 रुपये वापस मांगे, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

पुलिस के मुताबिक, विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। आरोप है कि कालू ने बीयर की बोतल सागर के सिर पर दे मारी। इसके बाद टूटी हुई बोतल के कांच से उसके गले और पेट पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि हमले के बाद सागर मौके पर ही गिर पड़ा। सूचना मिलने पर परिजन उसे ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार, टूटे हुए कांच से सागर के गले की नसें कट गई थीं, जिसके कारण उसकी मौत हुई।

एनआईटी थाने के प्रभारी निरीक्षक महाबीर ने कहा, ‘‘आरोपी कालू को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।’’

भाषा रवि कांत सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में