जयपुर में भू-अभिलेख निरीक्षक 3.80 लाख रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर में भू-अभिलेख निरीक्षक 3.80 लाख रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर, 25 फरवरी (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को जयपुर में भू-अभिलेख निरीक्षक को 3.80 लाख रूपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जयपुर पश्चिम सर्कल के भू-अभिलेख निरीक्षक अनिल कुमार को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
ब्यूरो के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने एक बयान में बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी पुश्तैनी जमीन के तकासमा (पैतृक संपत्ति में वैध हिस्सेदारों के नाम चढ़ाने की प्रक्रिया) किये जाने की एवज में आरोपी द्वारा पांच लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है।
इसके अनुसार शिकायत का सत्यापन करवाने पर दौरान आरोपी ने परिवादी से 20 हजार रुपए लिए और वह चार लाख रूपये एक लाख रूपये स्वयं के लिये तथा तीन लाख रूपये उपखण्ड अधिकारी जयपुर – प्रथम के लिये लेने हेतु सहमत हो गया। टीम ने आज आरोपी भू-अभिलेख निरीक्षक अनिल कुमार को परिवादी से 3,80,000 रूपये रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे कार्रवाई जारी है।
भाषा पृथ्वी
मनीषा रंजन
रंजन

Facebook


