लश्कर-ए-तैयबा ने रची थी अमरनाथ यात्रियों पर हमले की साजिश
लश्कर-ए-तैयबा ने रची थी अमरनाथ यात्रियों पर हमले की साजिश
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में अमरनाथ यात्रियों की बस पर सोमवार रात हुए आतंकी हमले में 7 यात्रियों की मौत हो गई है और 19 से ज्यादा घायल हो गए हैं। कश्मीर के आईजी मुनीर खान ने बताया कि अमरनाथ यात्रियों पर हुए हमले की साजिश लश्कर ए तैयबा ने रची है। अटैक का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी आतंकी इस्माइल है। इसके साथ ही पूरे देश भर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। सभी उच्च स्तरीय अधिकारी सुरक्षा हालात की समीक्षा में करने में जुटे हुए हैं। यूपी में कांवड़ यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा चाक-चौबंद करने के आदेश दिए गए हैं।
अमरनाथ यात्रियों आतंकी हमले के बाद गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार सुबह गृह मंत्रालय के अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए आईबी के निदेशक, एनएसए, RAW चीफ, गृह सचिव-नियुक्त राजीव गाबा, एमएचए अधिकारी गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर पहुंच गए हैं। बैठक में गृह मंत्री अधिकारियों के साथ अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों की एक बार फिर समीक्षा की जाएगी।
कश्मीर के आईजी मुनीर खान ने कहा कि अमरनाथ यात्रियों पर लश्कर द्वारा किए गए हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तानी आतंकी इस्माइल है। उन्होंने कहा कि आतंकियों का निशाना यात्री बस नहीं थी। उन्होंने वहां से गुजर रहे पुलिस वाहन पर हमला किया था। इसी दौरान बस भी गोलीबारी की चपेट में आ गई। पांच पुलिसकर्मियों समेत 17 जख्मी लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। एहतियात के तौर पर जम्मू-श्रीनगर हाईवे को बंद कर दिया है। सूत्रों के अनुसार बाइक पर तीन आतंकी सवार थे। इनमें से एक की पहचान इस्माइल के रूप में हुई है।

Facebook


