दिल्ली में 14 मई को वकीलों की हड़ताल : साकेत बार एसोसिएशन ने समर्थन जताया
दिल्ली में 14 मई को वकीलों की हड़ताल : साकेत बार एसोसिएशन ने समर्थन जताया
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) ‘साकेत बार एसोसिएशन’ ने बेहतर और उन्नत अदालती बुनियादी ढांचे एवं कार्य स्थितियों की मांगों पर दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा कदम न उठाये जाने के विरोध में 14 मई को दिल्ली की अदालतों में वकीलों द्वारा आहूत हड़ताल का बुधवार को समर्थन किया।
दिल्ली के सभी जिला अदालत अधिवक्ता संघों की समन्वय समिति ने अदालती कामकाज का बहिष्कार करने और हड़ताल का मंगलवार को आह्वान किया था।
अधिवक्ताओं को जारी एक परिपत्र में, साकेत बार एसोसिएशन ने कहा कि वह न्यायिक कार्य से परहेज करने के आह्वान का पूरी तरह से समर्थन करता है और सदस्यों से सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन में भाग लेने की अपील करता है।
परिपत्र में कहा गया है, ‘‘साकेत बार एसोसिएशन का दृढ़ विश्वास है कि बार न्याय वितरण प्रणाली में एक अपरिहार्य हितधारक है और अधिवक्ताओं, वादियों और जिला अदालतों को सीधे प्रभावित करने वाले निर्णय बार के साथ उचित परामर्श के बिना एकतरफा नहीं लिये जाने चाहिए।’’
यह कदम समन्वय समिति द्वारा हड़ताल की घोषणा के एक दिन बाद उठाया गया है। समिति का आरोप है कि बार निकायों की ‘‘सबसे वास्तविक और बुनियादी मांगों’’ को दिल्ली उच्च न्यायालय तथा उसकी समितियों द्वारा लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


