विभाग आवंटन में ‘देरी’ को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर साधा निशाना

विभाग आवंटन में 'देरी' को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर साधा निशाना

विभाग आवंटन में ‘देरी’ को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
Modified Date: August 6, 2026 / 03:03 pm IST
Published Date: August 6, 2026 3:03 pm IST

बेंगलुरु, छह अगस्त (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार पर उनके मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए मंत्रियों को विभागों के आवंटन में कथित देरी को लेकर कटाक्ष करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने बृहस्पतिवार को उन्हें ‘डमी सीएम’ करार दिया।

विधानसभा में विपक्ष के नेता अशोक सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘नए मंत्रियों को शपथ लिए तीन दिन हो चुके हैं… फिर भी विभागों के आवंटन का कोई पता नहीं है।’

उन्होंने पूछा, ‘प्रिय डमी मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार, क्या आप ‘पेमेंट कोटा’ वाले मंत्रियों को विभाग सौंपने के लिए आलाकमान की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं या आपने यह आवंटन इसलिए रोक रखा है क्योंकि तय राशि अभी तक खाते में जमा नहीं हुई है?’

मुख्यमंत्री पद संभालने के करीब दो महीने बाद शिवकुमार ने सोमवार को 19 मंत्रियों को शामिल कर मंत्रिमंडल का विस्तार किया था, जिसके बाद मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या बढ़कर 33 हो गई। एक पद रिक्त रखा गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस पर कर्नाटक को ‘निराश’ करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘इस बीच, दिल्ली के ‘कलेक्शन एजेंट’ रणदीप सुरजेवाला (अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव) एक असंतुष्ट विधायक के घर से दूसरे विधायक के घर जा रहे हैं, उन्हें मनाने की कोशिश कर रहे हैं और कमजोर होती सरकार को किसी तरह संभालने का प्रयास कर रहे हैं।’

अशोक ने शिवकुमार को ‘रबर-स्टैंप मुख्यमंत्री’ बताते हुए सवाल किया, ‘क्या अब से सुरजेवाला को हर दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के लिए बेंगलुरु आना पड़ेगा? या आपने विधान सौध में उनके लिए कोई कमरा आरक्षित किया है? या सभी दस्तावेजों को स्पीड पोस्ट से दिल्ली भेजने की व्यवस्था की है?’

उन्होंने कहा कि अब लोगों को यह समझ आने लगा है कि राज्य में वास्तव में कोई सरकार काम कर रही है या फिर दिल्ली आलाकमान द्वारा ‘रिमोट कंट्रोल’ के जरिये सरकार चलाने का केवल नाटक किया जा रहा है।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में