हिमाचल राज्य परिवहन की बस की टपकती छत:चालक के हाथ में छाता लेकर बस चलाने का वीडियो वायरल
हिमाचल राज्य परिवहन की बस की टपकती छत:चालक के हाथ में छाता लेकर बस चलाने का वीडियो वायरल
शिमला, 29 मार्च (भाषा) बारिश के कारण कम दृश्यता वाले कठिन पहाड़ी रास्ते पर बस की टपकती छत के कारण एक हाथ में छाता लेकर बस चला रहे चालक का वीडियो वायरल हुआ है।
वीडियो रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर प्रसारित करने वाले एक यात्री ने बताया कि यह घटना रविवार को हिमाचल प्रदेश में चंबा-होली मार्ग पर हुई।
वीडियो में बस चालक संभवत: टपकती छत से खुद को बचाने के लिए छाता पकड़े नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस होली की ओर जाते हुए तीखे मोड़ से गुजर रही है।
वीडियो में दिख रहे यात्री ने आरोप लगाया कि राज्य के आदिवासी और दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को ऐसी जर्जर बसों में यात्रा करके अपनी जान जोखिम में डालने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन और सरकार को इस मामले का तुरंत संज्ञान लेना चाहिए और एक नयी, सुरक्षित और विश्वसनीय बस सेवा उपलब्ध करानी चाहिए। वीडियो में बस चालक का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है।
इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया लेने के लिए एचआरटीसी के अधिकारियों से संपर्क नहीं किया जा सका।
खबरों के मुताबिक, यह बस कांगड़ा के बैजनाथ-पथ्यार और होली के बीच चलती है, जो प्रतिदिन चंबा से होली के लिए सुबह लगभग छह बजे रवाना होती है। रविवार की सुबह क्षेत्र में भारी बारिश हुई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छत से पानी टपकने, खिड़कियों के टूटने और बस के बीच रास्ते में खराब हो जाने जैसी समस्याओं को उजागर करने वाले वीडियो पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं।
कई लोगों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि यह यात्रियों की सुरक्षा के प्रति घोर लापरवाही को दर्शाता है।
भाषा धीरज संतोष
संतोष

Facebook


