Amit Shah Assam Visit: सरकार बनी तो असम में भी ये कानून लाएगी भाजपा, अमित शाह ने खुद किया ऐलान, कांग्रेस पर भी बोला तीखा हमला

Amit Shah Said UCC implemented in Assam

Amit Shah Assam Visit: सरकार बनी तो असम में भी ये कानून लाएगी भाजपा, अमित शाह ने खुद किया ऐलान, कांग्रेस पर भी बोला तीखा हमला
Modified Date: March 29, 2026 / 09:37 pm IST
Published Date: March 29, 2026 9:01 pm IST

ढेकियाजुली/तिहुः Amit Shah Assam Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम में रविवार को कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 10 वर्षों में असम में घुसपैठ को रोका है, लेकिन यह ‘‘पर्याप्त नहीं है’’, क्योंकि प्रत्येक अवैध प्रवासी को उनके देशों में वापस भेजा जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। शाह ने कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया और दावा किया कि जब पार्टी सत्ता में थी, तो उसने ‘‘वोट बैंक के लालच में’’ सीमाओं को खुला रखा, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी बदल गई। सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली और नलबाड़ी के तिहु में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा ने 10 साल पहले असम में घुसपैठियों को रोकने का वादा किया था और उस वादे को निभाया। शाह ने कहा, ‘‘हालांकि, यह पर्याप्त नहीं है, क्योंकि हमें अगले पांच वर्षों में प्रत्येक अवैध प्रवासी को देश से बाहर भेजना होगा।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों ने असम के मूल निवासियों के रोजगार छीन लिए हैं और गरीबों का अनाज हड़प लिया है।

शाह ने दावा किया कि हिमंत विश्व शर्मा सरकार ने घुसपैठियों द्वारा कब्जा की गई 1.25 लाख एकड़ भूमि को मुक्त करा दिया है और अगले पांच वर्षों में शर्मा यह सुनिश्चित करेंगे कि एक इंच भूमि भी उनके कब्जे में न रहे। तिहु में शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य में यूसीसी लागू किया जाएगा, जिसका उद्देश्य ‘‘एक विशेष समुदाय में चार विवाहों पर प्रतिबंध लगाना’’ है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘‘घुसपैठियों को संरक्षण’’ देने के लिए राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध किया है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहते हैं। शाह ने गोगोई से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। शाह ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान देश की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया और पाकिस्तान से आए आतंकवादियों को हमारे देश में लोगों की हत्या करने की खुली छूट दी।’’

शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवादियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा, ‘‘जब आतंकवादियों ने उरी में हमला किया, तो प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक का आदेश दिया; जबकि पुलवामा हमले के बाद बालाकोट हवाई हमला हुआ, और पहलगाम घटना के बाद उन्होंने आतंकवादियों को सबक सिखाने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का आदेश दिया।’’ शाह ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार ने असम में घुसपैठ रोक दी है, लेकिन यह काफी नहीं है। हर अवैध प्रवासी को वापस भेजा जाना चाहिए।’’ उन्होंने लोगों से विधानसभा चुनावों में भाजपा को वोट देने का आग्रह किया, ताकि हिमंत विश्व शर्मा को फिर से मुख्यमंत्री बनाया जा सके और असम को ‘‘घुसपैठिया मुक्त’’ बनाया जा सके तथा शांति और विकास सुनिश्चित किया जा सके।

बारिश ने सभा में डाला खलल

Amit Shah Assam Visit: इस बीच, भाजपा के एक नेता ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र में रविवार को होने वाली चुनावी रैली भारी बारिश के कारण देरी से हो सकी। नेता ने बताया कि शाह का कार्यक्रम सुबह करीब 11 बजे शुरू होना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। भाजपा नेता ने बताया कि शाह बाद में सड़क मार्ग से ढेकियाजुली के लिए रवाना हुए, जिसके चलते रैली में लगभग तीन घंटे की देरी हुई। असम विधानसभा की 126 सीट के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतगणना चार मई को होगी।

इन्हें भी पढ़ें:-


लेखक के बारे में

सवाल आपका है.. पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों और आप से जुड़े मुद्दों को सीधे सरकार के संज्ञान में लाना मेरा ध्येय है। विभिन्न मीडिया संस्थानों में 10 साल का अनुभव मुझे इस काम के लिए और प्रेरित करता है। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रानिक मीडिया और भाषा विज्ञान में ली हुई स्नातकोत्तर की दोनों डिग्रियां अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए गति देती है।