उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति और अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति और अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की
जम्मू, 29 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को यहां एक बैठक में सुरक्षा स्थिति और आगामी अमरनाथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
यह सुरक्षा समीक्षा वार्षिक राजधानी परिवर्तन (दरबार मूव) से पहले की गई है, जिसके तहत शीतकालीन राजधानी जम्मू में सचिवालय 30 अप्रैल को बंद होने और चार मई को श्रीनगर में फिर से खुलने वाला है।
मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि सिन्हा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सेना, पुलिस, सुरक्षा, खुफिया और प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात भी मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, बैठक मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था के प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के बेहतर समन्वय पर केंद्रित रही।
जम्मू-कश्मीर के समग्र सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की गई, जिसमें वार्षिक अमरनाथ यात्रा के सुरक्षित और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। यह एक प्रमुख तीर्थयात्रा है जिसमें हर साल हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने, सुरक्षा बलों के बीच समन्वय बढ़ाने और केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने बताया कि उपराज्यपाल ने केंद्र शासित प्रदेश में जारी 100 दिवसीय ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान’ की भी समीक्षा की और मादक पदार्थों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ निरंतर जागरूकता अभियानों की आवश्यकता पर बल दिया।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


