शराब ‘घोटाला’: ईडी का दावा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष को ‘बड़ी मात्रा में नकदी’ मिली
शराब ‘घोटाला’: ईडी का दावा, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष को ‘बड़ी मात्रा में नकदी’ मिली
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को दावा किया कि छत्तीसगढ़ में तीन हजार करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले से जुटाई गई “बड़ी मात्रा में नकदी” प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को पहुंचाई गई थी।
अग्रवाल को संघीय एजेंसी ने मंगलवार को इस मामले से जुड़ी धनशोधन जांच के सिलसिले में रायपुर केंद्रीय जेल से गिरफ्तार किया था।
रायपुर की धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने मंगलवार को उन्हें सात दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया था।
कांग्रेस ने कहा था कि इस मामले की जांच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की ओर से राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई है और ईडी के आरोप झूठे हैं।
ईडी के अनुसार कथित शराब घोटाले को 2019 से 2022 के बीच एक ‘सिंडिकेट’ ने अंजाम दिया था। उस समय छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी।
इसने कहा कि इस सिंडिकेट ने 3,000 करोड़ रुपये की राशि कथित तौर पर अपराध से अर्जित की थी।’
ईडी ने एक बयान में कहा, ‘‘कथित तौर पर अपराध से अर्जित राशि नकदी में जुटाई गई थी और इसका एक बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के तत्कालीन कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को पहुंचाया गया था।’’
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश

Facebook


