तमिलनाडु में सड़क दुर्घटना में लॉरी चालक की मौत, 19 लोग घायल

Ads

तमिलनाडु में सड़क दुर्घटना में लॉरी चालक की मौत, 19 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 06:41 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 06:41 PM IST

तिण्डिवनम, 28 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के तिण्डिवनम में दो ट्रकों और एक सरकारी बस की टक्कर में हुई सड़क दुर्घटना में 26 वर्षीय चालक की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना मंगलवार तड़के जीएसटी रोड पर तिण्डिवनम के पास सलावती में हुई।

सूत्रों के अनुसार, तिरुवनमलाई से पुडुचेरी की ओर आ रहे एक ट्रक ने सामने से आ रही बस पर ध्यान दिये बिना राजमार्ग पार करने का प्रयास किया और उससे टकरा गया। ट्रक की भिड़ंत एक अन्य ट्रक से भी हुई।

तिरुवनमलाई से आ रहे ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक और घायलों को इलाज के लिए तिण्डिवनम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

लॉरी चालक की पहचान विजय के रूप में हुई है, जो विल्लुपुरम जिले के किलियानूर गांव का निवासी था। उसके परिवार में उसकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘जिन यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं, उनमें से कुछ अपने घावों का इलाज कराने के लिए स्वयं ही पास के अस्पतालों में गए। चिकित्सकों के अनुसार, सभी खतरे से बाहर हैं।’

पुलिस ने राजमार्ग पर यातायात सुचारू रूप से चलाने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटा दिया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा तान्या माधव

माधव