उपराज्यपाल ने पुंछ में ‘नशामुक्त जम्मू-कश्मीर’ पदयात्रा का नेतृत्व किया
उपराज्यपाल ने पुंछ में 'नशामुक्त जम्मू-कश्मीर' पदयात्रा का नेतृत्व किया
जम्मू, सात जून (भाषा) उपराज्यपाल मनोज सिन्हा रविवार को सीमावर्ती जिले पुंछ में ‘नशामुक्त जम्मू-कश्मीर’ पदयात्रा में शामिल हुए। इसी के साथ केंद्र-शासित प्रदेश के सभी 20 जिलों में इस अभियान का जनसंपर्क चरण पूरा हो गया।
सिन्हा ने इस पहल को मादक पदार्थों के सेवन और नार्को-आतंकवाद (मादक पदार्थों की तस्करी के जरिये आतंकवाद के वित्तपोषण) के खिलाफ जन आंदोलन बताते हुए जम्मू-कश्मीर को मादक पदार्थों के अभिशाप से मुक्त करने और यहां के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित करने के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।
पुंछ में अभियान का नेतृत्व करते हुए सिन्हा ने कहा, “पदयात्रा (आज) केंद्र-शासित प्रदेश के सभी 20 जिलों तक पहुंची और हमारा उद्देश्य स्पष्ट है कि जम्मू-कश्मीर की धरती को मादक पदार्थों के अभिशाप से मुक्त किया जाए और नार्को-आतंकवाद का खात्मा हो।”
उन्होंने कहा कि नशामुक्त जम्मू-कश्मीर के लिए लड़ाई पुंछ से और तेज होगी।
राज्यपाल ने कहा, “अगले 43 दिन तक हर नागरिक, पंचायत और वार्ड को मादक पदार्थ तस्करों को निशाना बनाने, जागरूकता बढ़ाने और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के लिए एकजुट होना होगा। सामूहिक जिम्मेदारी से ही एक स्वस्थ भविष्य का निर्माण होगा।”
उपराज्यपाल ने कहा कि पिछले 57 दिन के दौरान उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के हर जिले का दौरा किया और लोगों से वादा किया कि समाज को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सिन्हा ने कहा, “आज, मैं सभी नागरिकों को आश्वस्त करता हूं कि हम एक उज्ज्वल भविष्य का दीया जलाएंगे। अगले 43 दिन में हमें पुंछ और पूरे केंद्र-शासित प्रदेश में एक व्यापक आंदोलन शुरू करना होगा, जो जिले की हर पंचायत, हर गली और हर घर को नशामुक्त बनाने के लिए समर्पित होगा।”
भाषा सुमित पारुल
पारुल

Facebook


