दिल्ली के उपराज्यपाल ने एनडीएमसी की भीषण गर्मी योजना की समीक्षा की

दिल्ली के उपराज्यपाल ने एनडीएमसी की भीषण गर्मी योजना की समीक्षा की

दिल्ली के उपराज्यपाल ने एनडीएमसी की भीषण गर्मी योजना की समीक्षा की
Modified Date: April 28, 2026 / 07:01 pm IST
Published Date: April 28, 2026 7:01 pm IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को पालिका केंद्र स्थित एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) का दौरा किया और ग्रीष्मकालीन कार्य योजना एवं भीषण गर्मी से निपटने के लिए चल रहे उपायों की समीक्षा की।

उपराज्यपाल के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर कहा गया कि नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) का कमांड सेंटर राजधानी का मुख्य डिजिटल केंद्र है, जहां इंटरनेट आधारित प्रणालियों (आईओटी) के जरिए जल प्रबंधन से लेकर पर्यावरण निगरानी तक विभिन्न सेवाओं का एकीकृत संचालन किया जाता है।

उपराज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, “ शासन के प्रौद्योगिकी आधारित मॉडल में यह संभावना है कि इसे देश भर के स्थानीय निकायों में नागरिक निकाय द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के लिए इसका अनुसरण किया जा सके।”

उन्होंने कहा कि प्रशासन नागरिक-केंद्रित और सुदृढ़ शहरी शासन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

अधिकारियों के अनुसार, एनडीएमसी ने उद्यान, सिविल इंजीनियरिंग, स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे विभागों को ओआरएस पैकेट, सुरक्षित पेयजल, सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने और कर्मचारियों के लिए कार्य समय में बदलाव करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भीषण गर्मी के दौरान जोखिम कम किया जा सके।

उन्होंने बताया कि सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाए जा रहे हैं।

एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्र ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सितंबर 2020 में आईसीसीसी की शुरुआत की गयी थी और तब से यह एक प्रमुख शासन मंच के रूप में उभरा है।

चंद्र ने कहा, “यह ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग व्यवस्था, मलजल शोधन संयंत्र, स्वच्छता संचालन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र सहित 49 से अधिक नागरिक सेवाओं को एकीकृत करता है।”

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में