मंगलवार को शिलांग में लगभग 90 मिनट तक चंद्रग्रहण दिखने की संभावना : आईएमडी
मंगलवार को शिलांग में लगभग 90 मिनट तक चंद्रग्रहण दिखने की संभावना : आईएमडी
शिलांग, दो मार्च (भाषा) मेघालय के लोग मंगलवार शाम पूर्ण चंद्रग्रहण के अंतिम चरण को देखने के लिए तैयार हैं, और पूर्वोत्तर के इस राज्य में देश के अधिकतर हिस्सों की तुलना में इस खगोलीय घटना का स्पष्ट दृश्य दिखने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शिलांग में चंद्रोदय शाम 5.23 बजे होने की उम्मीद है। हालांकि, पूर्ण चंद्रग्रहण शाम 6.48 बजे समाप्त होगा, जिससे दर्शकों को चंद्रमा के उदय होने से लगभग एक घंटे 25 मिनट तक इसे देखने का अवसर मिलेगा।
आईएमडी के अधिकारियों ने बताया कि मेघालय के अधिकतर हिस्सों में मौसम की स्थिति अवलोकन के लिए अनुकूल रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘वर्तमान पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार शाम शिलांग और आसपास के इलाकों में आसमान आमतौर पर साफ रहेगा या आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इससे लोगों को मौसम संबंधी बड़ी बाधाओं के बिना ग्रहण देखने में आसानी होगी।’’
वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा कि दृश्यता काफी हद तक चंद्रोदय के समय स्थानीय स्तर पर छाए बादलों पर निर्भर करेगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘यदि सूर्यास्त के समय पूर्वी क्षितिज साफ रहता है, तो लोग चंद्रमा को पृथ्वी की छाया से उसके विशिष्ट लाल रंग के साथ निकलते हुए देख सकेंगे।’’
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप

Facebook


