माधुरी के प्रशंसक ने ‘मां बहन’ फिल्म की खुशी में अपनी ‘चाट’ की दुकान से बांटे फलों के पौधे

माधुरी के प्रशंसक ने 'मां बहन' फिल्म की खुशी में अपनी 'चाट' की दुकान से बांटे फलों के पौधे

माधुरी के प्रशंसक ने ‘मां बहन’ फिल्म की खुशी में अपनी ‘चाट’ की दुकान से बांटे फलों के पौधे
Modified Date: June 4, 2026 / 05:48 pm IST
Published Date: June 4, 2026 5:48 pm IST

जमशेदपुर (झारखंड), चार जून (भाषा) अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के एक प्रशंसक ने बृहस्पतिवार को झारखंड के जमशेदपुर शहर में अपनी ‘चाट’ की दुकान से फलों के पौधे बांटे। उन्होंने यह अनूठी पहल माधुरी की फिल्म ‘मां बहन’ की रिलीज की खुशी में की।

व्यस्त साक्षी बाजार में चाट की दुकान चलाने वाले पप्पू सरदार की इस अनूठी पहल के कारण ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ से एक दिन पहले उनकी दुकान पर राहगीरों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान उनकी दुकान पर इस फिल्म के गाने भी गूंज रहे थे।

हालांकि, आम, जामुन, अमरूद और लीची जैसे फलों के 400 पौधे खरीदने वाले सरदार ने पौधे लेने के इच्छुक लोगों की पहले अच्छी तरह से परख की, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी बागवानी में रुचि है और वे पौधों की सही देखभाल करेंगे।

सरदार ने संवाददाताओं को बताया, ‘मेरा मुख्य ध्यान किसानों और ग्रामीणों पर है, जो विभिन्न कामों से जमशेदपुर आते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वे इन पौधों को लगाएंगे और इनकी अच्छी देखभाल करेंगे, जिससे यह पहल सफल होगी।’

फिल्म ‘मां बहन’ बृहस्पतिवार को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है।

पप्पू सरदार साल 1998 से हर साल 15 मई को माधुरी दीक्षित का जन्मदिन बड़े धूमधाम से मनाते आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ये पौधे न केवल पर्यावरण का संरक्षण करेंगे, बल्कि फल देने के बाद लोगों की आय का जरिया भी बनेंगे।

‘पीटीआई-भाषा’ से सरदार ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ के आह्वान का सम्मान करते हुए, मैंने विश्व पर्यावरण दिवस से एक दिन पहले और माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘मां बहन’ की रिलीज के मौके पर फलों के 400 पौधे बांटने का फैसला किया।’

उन्होंने इस मौके पर सभी लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयास करने की अपील की।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में