मप्र : महिला की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने शक जताया, पोस्ट मार्टम के लिए शव कब्र से निकाला गया
मप्र : महिला की संदिग्ध मौत पर परिजनों ने शक जताया, पोस्ट मार्टम के लिए शव कब्र से निकाला गया
खरगोन (मप्र), 17 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में 29 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों द्वारा सवाल उठाए जाने पर पुलिस ने कब्र से शव निकालकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कोतवाली थाना प्रभारी बी एल मंडलोई ने बताया कि शनिवार को नीलोफर ने कथित तौर पर तेजाब पी लिया था और इलाज के लिए इंदौर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बाद में शव को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया गया था।
नीलोफर के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे बार-बार प्रताड़ित किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उसके शरीर के कई हिस्सों पर सिगरेट से जलाए जाने के निशान थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मंडलोई ने बताया कि रविवार को तहसीलदार और परिजनों की मौजूदगी में कब्रिस्तान से शव निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच के तहत मृतका के परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।
नीलोफर के मामा शेख मोहसिन मंसूरी ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि उसके पति ने उसे बार-बार प्रताड़ित किया और उसके साथ मारपीट की।
मंसूरी ने नीलोफर की मौत के लिए उसके पति को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना पोस्टमार्टम शव को दफनाना मौत से जुड़े साक्ष्य छिपाने का प्रयास हो सकता है।
मंडलोई ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं दिमो मनीषा
मनीषा

Facebook


