मप्र: नर्मदापुरम जिले में झोपड़ी से व्यक्ति को खींच ले गया बाघ, अगले दिन मिला शव
मप्र: नर्मदापुरम जिले में झोपड़ी से व्यक्ति को खींच ले गया बाघ, अगले दिन मिला शव
नर्मदापुरम (मप्र), सात फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया क्षेत्र में शुक्रवार रात बाघ झोपड़ी में घुसकर एक व्यक्ति को घसीटते हुए पास के जंगल में ले गया। शनिवार को व्यक्ति का शव बरामद किया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
यह घटना बांटेगी वन परिक्षेत्र के जिरिया उर्फ दाम मोहल्ला से सटे जंगल क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान कमल ठाकुर के रूप में हुई है। यह क्षेत्र सतपुड़ा बाघ अभयारण्य के निकट स्थित है।
बांखेड़ी वन परिक्षेत्र के प्रभारी उप मंडल वन अधिकारी अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि ठाकुर पचमढ़ी में एक मेस में रसोइया का काम करता था और हर शनिवार को जिला मुख्यालय से लगभग 125 किलोमीटर दूर स्थित अपने गांव बारी देवी आता था। वह शुक्रवार रात पचमढ़ी से लौटा था, तभी यह घटना हुई।
अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार जंगली जानवरों के हमले में मृत्यु होने पर आठ लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करती है और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि बाघ के आसपास ही होने की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले भी इलाके में बाघ के पंजों के निशान मिले थे।
भाषा सं दिमो
धीरज
धीरज

Facebook


