मप्र: ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर एनडीपीएस के आरोपी को छुड़ा ले गए बदमाश
मप्र: ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर एनडीपीएस के आरोपी को छुड़ा ले गए बदमाश
सीधी, 29 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सीधी जिले में मंगलवार को तीन वाहनों में सवार नकाबपोश बदमाशों का एक समूह ओडिशा पुलिस के एक दल पर हमला कर रीवा की अदालत में पेशी के लिए ले जाए जा रहे एक कैदी को छुड़ाकर फरार हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में दोपहर के समय यह घटना हुई।
ओडिशा पुलिस का दल स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के एक मामले में आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा की अदालत में पेशी के लिए ले जा रहा था।
सीधी के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया, ‘‘ओडिशा पुलिस एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा जिला अदालत में पेशी के लिए लेकर आ रही थी, तभी छुहिया घाटी में तीन वाहनों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया।’’
उन्होंने बताया कि इसके बाद बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और गोलियां चलाते हुए आरोपी मिश्रा को अपने साथ लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीधी और रीवा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी और दोनों जिलों में नाकेबंदी कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, रीवा जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र निवासी आदित्य मिश्रा को पिछले महीने ओडिशा पुलिस बिछिया से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को उसे रीवा जिला अदालत में पेश करने के लिए पुलिस दल शहडोल की ओर से आ रहा था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय वाहन में ओडिशा पुलिस के आठ जवान सवार थे और वे एके-47 राइफलों से लैस थे, इसके बावजूद बदमाश आरोपी को छुड़ाकर फरार होने में सफल रहे।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


