महाराष्ट्र : मराठवाड़ा इलाके में इस साल पहली छमाही में 465 किसानों ने आत्महत्या की
महाराष्ट्र : मराठवाड़ा इलाके में इस साल पहली छमाही में 465 किसानों ने आत्महत्या की
छत्रपति संभाजीनगर, आठ जुलाई (भाषा) मध्य महाराष्ट्र के मराठवाड़ा इलाके में जनवरी से जून 2026 के बीच 465 किसानों ने आत्महत्या की, जिनमें से सबसे अधिक 109 मामले छत्रपति संभाजीनगर जिले से आए हैं। यह जानकारी बुधवार को एक आधिकारिक रिपोर्ट में दी गई।
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल (2025) में मराठवाड़ा के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों में किसानों की आत्महत्या के 1,131 मामले सामने आए थे।
छत्रपति संभाजीनगर स्थित संभागीय आयुक्त कार्यालय की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस साल जनवरी से जून के बीच मराठवाड़ा में किसानों की आत्महत्या के 465 मामले दर्ज किए गए।
इसमें बताया गया है कि किसानों की आत्महत्या के सबसे अधिक 109 मामले छत्रपति संभाजीनगर जिले में सामने आए जबकि सबसे कम 26 मामले लातूर जिले में दर्ज किये गए।
रिपोर्ट के मुताबिक आत्महत्या के 215 मामलों को सरकार से आर्थिक सहायता के लिए योग्य पाया गया, जबकि 26 मामलों को मुआवजे के लिए अयोग्य पाया गया। फिलहाल, 222 मामलों की जांच चल रही है और अब तक 108 मामलों में आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
रिपोर्ट में जनवरी से जून तक किसानों की आत्महत्या के जिलेवार आंकड़े दिये गए हैं। इसके मुताबिक छत्रपति संभाजीनगर जिले में 109, बीड में 95, धाराशिव में 65, नांदेड में 61, जालना में 40, परभणी में 34, हिंगोली में 35 और लातूर में 26 मामले सामने आए।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश

Facebook


