माझी ने दिल्ली में नए ओडिशा भवन की आधारशिला रखी

Ads

माझी ने दिल्ली में नए ओडिशा भवन की आधारशिला रखी

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 09:18 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 09:18 PM IST

भुवनेश्वर, 26 फरवरी (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में नए ओडिशा भवन की आधारशिला रखी। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।

प्रस्तावित भवन, जिसकी अनुमानित निर्माण लागत 93.27 करोड़ रुपये है, राज्य के समृद्ध इतिहास, कला और संस्कृति को प्रतिबिंबित करेगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि पुराना भवन जर्जर और असुरक्षित हो जाने के कारण ध्वस्त कर दिया गया था।

नई इमारत में तीन तलघर, एक भूतल और छह मंजिलें होंगी। पहली मंजिल पर एक प्रदर्शनी क्षेत्र बनाया जाएगा, जबकि दूसरी मंजिल पर लगभग 70 लोगों की बैठने की क्षमता वाला एक सम्मेलन कक्ष होगा।

माझी ने बताया कि इस परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार की योजना आने वाले दिनों में अयोध्या, बेंगलुरु और सूरत सहित देश के शहरों में ओडिशा भवन बनाने की है। इसके लिए संबंधित राज्य सरकारों से भूमि मांगी जा चुकी है।”

उन्होंने बताया कि कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में ओडिशा भवन संचालित हैं।

माझी ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए मुंबई में एक और भवन बनाने का भी प्रस्ताव है और इन भवनों और हॉल के रखरखाव के लिए एक विशेष विभाग बनाया जाएगा।

माझी ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों से काम के लिए शहर आने वाले लोगों के लिए मास्टर कैंटीन चौक के पास एक आश्रय बनाया जाएगा, जिसमें कम लागत पर तीन दिन का आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

नयी दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम, राज्य निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, बरगढ़ से सांसद प्रदीप पुरोहित और निर्माण विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश