मलप्पुरम: बूथ कार्यकर्ताओं को यूएई यात्रा का प्रस्ताव देने के आरोप में आईयूएमएल नेता पर मामला दर्ज

मलप्पुरम: बूथ कार्यकर्ताओं को यूएई यात्रा का प्रस्ताव देने के आरोप में आईयूएमएल नेता पर मामला दर्ज

मलप्पुरम: बूथ कार्यकर्ताओं को यूएई यात्रा का प्रस्ताव देने के आरोप में आईयूएमएल नेता पर मामला दर्ज
Modified Date: March 29, 2026 / 01:26 pm IST
Published Date: March 29, 2026 1:26 pm IST

मलप्पुरम (केरल), 29 मार्च (भाषा) केरल के तवनूर विधानसभा क्षेत्र में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के उम्मीदवार को सबसे अधिक वोट दिलाने वाली बूथ समिति के सदस्यों को विदेश यात्रा का प्रलोभन देने के आरोप में आईयूएमएल के एक नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मलप्पुरम के मंगलम निवासी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष बावा हाजी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 मार्च को आयोजित एक सम्मेलन के दौरान हाजी ने कांग्रेस नेता वी. एस. जॉय के पक्ष में प्रचार करते हुए कथित तौर पर यह घोषणा की कि जो यूडीएफ बूथ समिति सबसे अधिक वोट दिलाएगी उसके सदस्यों को 15 दिनों की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा कराई जाएगी।

इस मामले की सूचना सबसे पहले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग को दी थी।

पुलिस ने बताया कि जांच के बाद आयोग ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन पाया।

अधिकारियों ने बताया कि आयोग के निर्देश के आधार पर तिरूर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने कहा कि जांच के तहत हाजी को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

अधिकारियों ने सम्मेलन का वीडियो फुटेज भी बरामद किया है जिसमें आईयूएमएल नेता ने प्रस्ताव कथित तौर पर दिया था।

तवनूर में जॉय का मुकाबला एलडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के. टी. जलील से है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रवि थेलाथ को मैदान में उतारा है।

भाषा सुरभि अमित

अमित


लेखक के बारे में