नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग की एक टेक्निकल एक्सपर्ट टीम ने पिछले उपचुनावों के दौरान कैराना और भंडारा-गोंदिया सहित दस सीटों में मतदान के दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों में बड़ी संख्या में आई खराबी का कारण ढूंढ लिया है। आयोग को सौंपी गई टीम की जांच रिपोर्ट के अनुसार ज्यादा गर्मी और उमस में ज़्यादा समय तक बिना समुचित देखभाल के बाहर रहने के कारण मशीनों में खराबी आई।
बता दें कि 28 मई को संपन्न हुए उपचुनाव में भीषण गर्मी के दौरान उत्तर प्रदेश के कैराना और महाराष्ट्र के भंडारा गोंदिया लोकसभा क्षेत्र में बहुत सारी ईवीएम में खराबी आ गई थी। चुनाव आयोग ने इसकी जांच के लिए अपने टेक्निकल एक्सपर्ट की 2 टीमों को जिम्मेदारी दी थी। दोनों ही टीम का कहना है कि तेज धूप और उमस के कारण ईवीएम और वीवीपैट में लगे कॉन्ट्रास्ट सेंसर और लेंथ सेंसर बिगड़ गए थे।
यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस भी माओवादियों के निशाने पर, पत्र से खुलासा
जांच में यह भी सामने आया कि वीवीपैट में जो कागज इस्तेमाल होता है, वह ज्यादा नमी सोखता है। इसलिए उसके कारण कागज का रोल भारी हो जाता है और नमी मशीन में अंदर पहुंचती है। इससे गड़बड़ी आती है। जांच रिपोर्ट ईवीएम और वीवीपैट मशीनें बनाने वाली दोनों अधिकृत कंपनियों को भी भेजी गई है, जिससे वे मशीनों में सुधार कर सकें।
वेब डेस्क, IBC24