अश्लील तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करके महिला को ब्लैकमेल करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

अश्लील तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करके महिला को ब्लैकमेल करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार

अश्लील तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करके महिला को ब्लैकमेल करने के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: May 2, 2026 / 01:02 pm IST
Published Date: May 2, 2026 1:02 pm IST

बेंगलुरु, दो मई (भाषा) बेंगलुरु में एक महिला की आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल करके उसे ब्लैकमेल करने और यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर करने के आरोप में 46 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी हानियूर चंद्रगौड़ा रामनगर की बाल कल्याण समिति का सदस्य है।

उसने बताया कि जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से कई अन्य महिलाओं की अश्लील तस्वीरें भी मिलीं।

उसने बताया कि यह मामला तब सामने आया जब मेकअप आर्टिस्ट के रूप में काम करने वाली 43 वर्षीय महिला ने 30 अप्रैल को राजराजेश्वरी नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

प्राथमिकी के अनुसार, महिला की चंद्रगौड़ा से मुलाकात 2021 में हुई थी। उसने महिला से कहा कि वह कई टीवी धारावाहिकों से जुड़ा है और उसने मेकअप का काम देने के बहाने उसका फोन नंबर ले लिया। महिला पिछले करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है।

महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी अक्सर उसके घर आने लगा और उसने उससे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए।

पुलिस के अनुसार, चंद्रगौड़ा पर आरोप है कि उसने महिला को धमकी दी कि अगर वह उसकी मांगें नहीं मानती और उसके साथ संबंध बरकरार नहीं रखती है तो वह उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक कर देगा।

प्राथमिकी में यह भी कहा गया है कि 2024 में उसने महिला के दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए, खुद को उसका पति बताकर एक घर किराए पर लिया था।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसने टोल शुल्क से बचने के लिए पुलिस अधीक्षक होने का फर्जी पहचान पत्र इस्तेमाल किया।

शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा तान्या सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में