कोझिकोड में भाई की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
कोझिकोड में भाई की हत्या करने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
कोझिकोड (केरल), पांच जुलाई (भाषा) केरल के कोझिकोड जिले के कोडुवल्ली में अपने छोटे भाई की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में 54 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान प्रसाद टी.पी. (48) के रूप में हुई है। वह कोडुवल्ली के पास कथारम्मल, वलियापरम्ब का निवासी था।
कोडुवल्ली पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी प्रमोद कुमार टी.पी. को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों भाई अविवाहित थे और एक ही घर में साथ रहते थे।
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात दोनों भाइयों ने साथ में शराब पी हुई थी और करीब 10.30 बजे पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, आरोप है कि प्रमोद ने गुस्से में आकर प्रसाद को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि प्रमोद ने खुद ही रिश्तेदारों और पड़ोसियों को इस घटना की जानकारी दी थी।
इसके बाद, पुलिस ने तुरंत घर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और कोडुवल्ली थाने में पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी की।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना

Facebook


