ओडिशा में महिला सरपंच के साथ ‘दुर्व्यवहार’ और ‘मारपीट’ करने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
ओडिशा में महिला सरपंच के साथ ‘दुर्व्यवहार’ और ‘मारपीट’ करने के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
भुवनेश्वर/केंद्रपाड़ा, 15 जून (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में एक महिला सरपंच के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट करने के मामले में एक व्यक्ति को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 11 जून को केंद्रपाड़ा जिले के महाकालपड़ा ब्लॉक कार्यालय परिसर में तीखिरी ग्राम पंचायत की सरपंच चमेली ओझा (33) के साथ कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 52 वर्षीय पार्थ सारथी सामंतराय के रूप में हुई है और महिला सरपंच द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।
महाकालपड़ा थाना के प्रभारी निरीक्षक मानस कुमार मलिक ने कहा कि घटना में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा, “चमेली ओझा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पार्थ सारथी सामंतराय को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।”
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि

Facebook


