नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते 30 वर्षीय व्यक्ति की उसके रिश्तेदार ने चाकू मारकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना 29 मार्च की रात को तब सामने आई जब पुलिस को जीटीबी अस्पताल से चाकू के वार से घायल व्यक्ति के भर्ती होने की सूचना मिली। पीड़ित की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। उसकी पहचान ताहिरपुर निवासी नीरज के तौर पर हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस बाबत 20 वर्षीय आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया तथा खुलासा किया कि उसने पारिवारिक विवाद को लेकर हुई कहासुनी के दौरान नीरज को चाकू मारा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
अधिकारी ने बताया कि इस बाबत नंद नगरी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश