मणिपुर में उग्रवादियों की गोलीबारी में घायल व्यक्ति की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई

मणिपुर में उग्रवादियों की गोलीबारी में घायल व्यक्ति की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई

मणिपुर में उग्रवादियों की गोलीबारी में घायल व्यक्ति की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हुई
Modified Date: September 27, 2026 / 02:23 pm IST
Published Date: September 27, 2026 2:23 pm IST

इंफाल/सेनापति, 27 सितंबर (भाषा) मणिपुर के सेनापति जिले में एक दिन पहले संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में घायल हुए 49 वर्षीय व्यक्ति की रविवार को एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, सेनापति जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने दो नगा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी जबकि दो अन्य को घायल कर दिया था।

घायलों में अदानी मानियो (33) और आशिहो सानी (49) शामिल थे। दोनों को इलाज के लिए सेनापति जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि सानी की तड़के करीब तीन बजे मौत हो गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेनापति जिला अस्पताल ले जाया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस साल 60 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चाओवैनामई गांव के रॉकी और लाई शिराफी गांव के कुमार की हत्या बेहद चिंताजनक है। सशस्त्र उग्रवादियों ने उनके घरों में घुसकर उस समय गोली मारकर उनकी हत्या कर दी, जब वे सो रहे थे। ये आम नागरिक थे, जिन्हें बिना डर के जीने का अधिकार था।’’

सिंह ने पूछा, ‘‘जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में लाने के बजाय हम कब तक लाशें गिनते रहेंगे?’’

यूनाइटेड नगा काउंसिल द्वारा राज्य में राष्ट्रीय राजमार्गों पर चार महीने से जारी आर्थिक नाकाबंदी खत्म करने के अपने फैसले की घोषणा किए जाने से करीब एक घंटे पहले ये हत्याएं की गईं।

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कामजोंग जिले के पिलोंग गांव में म्यांमा के संदिग्ध उग्रवादियों ने 24 सितंबर की रात चार तंगखुल नगा नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

सितंबर में तामेंगलोंग, कांगपोकपी, नोनी और कामजोंग जिलों में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा की गई अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में