मणिपुर के मुख्यमंत्री ने बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक की

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक की

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक की
Modified Date: May 7, 2026 / 11:09 pm IST
Published Date: May 7, 2026 11:09 pm IST

इंफाल, सात मई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने बृहस्पतिवार को बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

इससे पहले भारी हथियारों से लैस उग्रवादियों ने कामजोंग जिले के गांवों पर हमला किया था।

सिंह ने कहा कि बैठक में ‘हालिया अशांति के मद्देनजर उभरती चुनौतियों’ से निपटने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें समन्वित और सक्रिय प्रतिक्रिया पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में शांति, स्थिरता और जन सुरक्षा बनाए रखने की अपनी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।

भारत-म्यांमा सीमा के पास कामजोंग जिले के नामली, वांगली और चोरो गांवों में बृहस्पतिवार सुबह सशस्त्र उग्रवादियों द्वारा कई घरों पर हमला करने और उन्हें जलाने के बाद मणिपुर में नए सिरे से तनाव पैदा हो गया है।

नगा पीपुल्स फ्रंट के विधायक एल. कीशिंग ने दावा किया कि यह हमला सीमा पार से म्यांमा स्थित उग्रवादी समूहों कुकी नेशनल आर्मी (बर्मा) और पीपुल्स डिफेंस फोर्स (पीडीएफ) द्वारा किया गया।

मई 2023 से अब तक मेइती और कुकी समुदायों के बीच जातीय संघर्षों में कम से कम 260 लोग मारे गए हैं और हजारों निवासी बेघर हो गए हैं।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में