मणिपुर सरकार घावों को भरने, पुनर्निर्माण और मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री खेमचंद

मणिपुर सरकार घावों को भरने, पुनर्निर्माण और मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री खेमचंद

मणिपुर सरकार घावों को भरने, पुनर्निर्माण और मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री खेमचंद
Modified Date: March 2, 2026 / 09:07 pm IST
Published Date: March 2, 2026 9:07 pm IST

इंफाल, दो मार्च (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक के लिए शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए घावों को भरने, पुनर्निर्माण करने और मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

सिंह ने आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों (आईडीपी) के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री सचिवालय में एक बैठक के दौरान यह बयान दिया, जिसमें घाटी के विभिन्न जिलों में राहत शिविरों में रह रहे लोगों की वर्तमान जरूरतों पर चर्चा की गई।

सिंह ने बैठक का विवरण साझा करते हुए कहा, ‘मोरेह, चुराचांदपुर और कांगपोकपी से विस्थापित हुए और अभी तक अपने घर नहीं लौट पाए लोगों के सुरक्षित और सम्मानजनक पुनर्वास के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस बात की पुष्टि की गई कि उनका पुनर्वास हमारी प्राथमिकता है और दीर्घकालिक सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम पर सावधानीपूर्वक विचार किया जा रहा है।’

उन्होंने यह भी कहा, ‘जिन परिवारों का पहले ही पुनर्वास हो चुका है, उनकी आजीविका सहायता और समग्र कल्याण को मजबूत करने के उपायों की हमने समीक्षा की है ताकि वे आत्मविश्वास और गरिमा के साथ अपने जीवन का पुनर्निर्माण कर सकें।’

उन्होंने कहा, ‘हमारी सरकार शांति, समावेशिता और मणिपुर के प्रत्येक नागरिक के लिए एक सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करते हुए, घावों को भरने, पुनर्निर्माण करने और मिलकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।’

भाषा

शुभम माधव अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में