मणिपुर की मसौदा मतदाता सूची में 19.34 लाख मतदाता : सीईओ
मणिपुर की मसौदा मतदाता सूची में 19.34 लाख मतदाता : सीईओ
इंफाल, पांच जुलाई (भाषा) मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि राज्य में मसौदा मतदाता सूची में 19.34 लाख मतदाता हैं। यह मसौदा रविवार को मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) के तहत गणना चरण के बाद जारी किया गया था।
सिन्हा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 28 जून तक, एसआईआर के दौरान कुल 20,93,076 मतदाताओं में से 19,34,399 मतदाताओं यानी 92.42 प्रतिशत ने अपने गणना प्रपत्र जमा कर दिए हैं।
सीईओ ने कहा कि मसौदा मतदाता सूची के अनुसार, मणिपुर में 19,34,399 मतदाता हैं, जिनमें 9,40,466 पुरुष, 9,93,660 महिलाएं और 294 तृतीय लिंग के लोग शामिल हैं।
सिन्हा ने गणना चरण के ‘सफल समापन’ का श्रेय सभी 16 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ), 60 ईआरओ, 84 एईआरओ, 317 बीएलओ सुपरवाइजरों और 2,956 मतदान केंद्रों पर तैनात 2,956 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के समन्वित प्रयासों को दिया, जिन्हें स्वयंसेवकों का सहयोग मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ को 7,394 मतदाता कई जगहों पर पंजीकृत मिले और 43,000 मतदाता मृत पाए गए।
सीईओ ने बताया कि 1,08,283 मतदाता या तो दूसरी जगह चले गए थे, या बीएलओ को वे नहीं मिले, या फिर 28 जून तक उनके भरे हुए गणना प्रपत्र वापस नहीं मिले।
उन्होंने कहा कि इस साल पांच जुलाई से चार अगस्त तक चलने वाले दावे और आपत्तियों के दौर में असली मतदाताओं को मतदाता सूची में फिर से शामिल किया जा सकता है।
इस साल छह सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


