इंफाल, 21 मई (भाषा) मणिपुर भूमि संसाधन विभाग ने उग्रवादी संगठन ‘कुकी नेशनल फ्रंट’ के खिलाफ राज्य में दो समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
भूमि संसाधन विभाग के अवर सचिव मंगोलजाओ कामेई ने इंफाल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में जिक्र किया गया कि थैंटिंग के रूप में उल्लेखित जगह पर ‘कुकी नेशनल फ्रंट मिलिट्री काउंसिल’ शब्दों वाला एक गेट लगाना थांगजिंग के नाम को अनधिकृत रूप से बदलने का संकेत देता है।
विभाग के मुताबिक, ”यह मणिपुर स्थान नाम विधेयक, 2024 और मणिपुर प्राचीन ऐतिहासिक स्मारक एवं पुरातत्व स्थल व अवशेष अधिनियम 1976 का उल्लंघन है।”
विभाग ने बताया, ”थांगजिंग एक पहाड़ी है, जिसका अपना अनूठा इतिहास रहा है और मणिपुर सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग ने इसे प्रासंगिक अधिनियमों के तहत एक संरक्षित स्थल घोषित किया था और यह चुराचांदपुर खुपुम संरक्षित वन के अंतर्गत आता है।”
इंफाल थाने में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, प्राथमिकी में ‘आपराधिक साजिश, धार्मिक मान्यताओं के अपमान से भावनाओं को आहत कर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने जैसे अपराध शामिल हैं।
प्राथमिकी के मुताबिक, यह मुकदमा चुराचांदपुर जिले के खौपम थाने में स्थानांतरित कर दिया गया क्योंकि यह थाना उसके अधिकार क्षेत्र में आता है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश