तरण तारण उपचुनाव को लेकर मान की मतदाताओं से अपील:11 नवंबर को सोच-समझकर करें मतदान
तरण तारण उपचुनाव को लेकर मान की मतदाताओं से अपील:11 नवंबर को सोच-समझकर करें मतदान
तरण तारण, 24 अक्टूबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को लोगों से 11 नवंबर को तरन तारन विधानसभा उपचुनाव में सोच-समझकर वोट देने की अपील की और विपक्षी पार्टियों द्वारा फैलाए जा रहे ‘झूठ’ से सावधान रहने की चेतावनी दी।
यहां आम आदमी पार्टी (आप) के स्वयंसेवकों की एक सभा को संबोधित करते हुए आप के वरिष्ठ नेता मान ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने राज्य के युवाओं को ‘‘गैंगस्टर्स’’ की तरफ धकेल दिया और लोगों को ‘झूठी प्राथमिकियों’ से डराया।
उन्होंने कहा कि लेकिन पिछले साढ़े तीन साल से एक भी झूठा मामला दर्ज नहीं किया गया है।
आम आदमी पार्टी के विधायक कश्मीर सिंह सोहल की जून में मौत के बाद तरन तारन विधानसभा सीट खाली हो गई थी। इस विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को उपचुनाव होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
विपक्षी पार्टियों को निशाना बनाना जारी रखते हुए मान ने कहा, ‘‘क्या किसी ने उन्हें बिजली, स्कूल, अस्पताल या सड़कों के बारे में बात करते सुना है? हम 75 साल की अव्यवस्था के बाद पंजाब को वापस पटरी पर लाए हैं। यह सफर मुश्किल था, लेकिन ईमानदारी और नेक इरादे से सब कुछ मुमकिन हो गया।’’
लोगों से आप उम्मीदवार को वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘अगले डेढ़ साल तक आप तरन तारन की किस्मत का फैसला करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘14 नवंबर को वोटिंग मशीनें बताएंगी कि लोग सबसे ज़्यादा किस पर भरोसा करते हैं। अगर आपको लगता है कि मैं आपके और आपके बच्चों के भविष्य के बारे में सोचता हूं, तो बिना किसी झिझक के झाड़ू (आप का चुनाव चिन्ह) वाला बटन दबाएं।’’
मान ने लोगों को विपक्षी पार्टियों के ‘‘झूठ’’ के प्रति भी सावधान किया।
उन्होंने कहा, ‘‘वे बेचैन हैं। जिन्हें आम लोगों के बेटे-बेटियों ने उनकी शानदार कुर्सियों से हटा दिया था, वे उन्हें वापस पाने के लिए बेताब हैं। वे इस (उपचुनाव) को ‘2027 के लिए सेमीफाइनल’ कह रहे हैं, लेकिन यह कोई खेल नहीं है; यह सच्चाई और विकास के लिए वोट है।’’
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


