मर्केल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आर्थिक सुधारों की सराहना की
मर्केल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आर्थिक सुधारों की सराहना की
नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल ने दिवंगत प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा शुरू किए गए आर्थिक सुधारों की बृहस्पतिवार को सराहना की और कहा कि इनसे भारत को 30 साल के आर्थिक विकास के पथ पर आगे बढ़ने में मदद मिली।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में आर्थिक विकास की अपार संभावनाएं हैं।
मर्केल ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की स्मृति में आयोजित ‘डॉ. मनमोहन सिंह व्याख्यान’ के पहले संस्करण को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मर्केल ने कहा कि दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश होने के नाते, भारत ने पिछले कुछ वर्षों में पांच प्रतिशत से अधिक की आर्थिक विकास दर दर्ज की है।
उन्होंने हाल में भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की भी सराहना की और कहा कि इसमें उनका भी कुछ योगदान था।
मर्केल ने कहा कि लंबी वार्ता के बाद यूरोपीय संघ और भारत के बीच एफटीए की घोषणा होते देखकर उन्हें खुशी हुई है।
उन्होंने कहा कि भारत और जर्मनी के बीच संबंध और भी मजबूत हो सकते हैं क्योंकि दोनों देश सांस्कृतिक संबंध साझा करते हैं।
भाषा
देवेंद्र सिम्मी
सिम्मी

Facebook


