पश्चिम एशिया संकट: विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने इजराइली समकक्ष से बात की

पश्चिम एशिया संकट: विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने इजराइली समकक्ष से बात की

पश्चिम एशिया संकट: विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने इजराइली समकक्ष से बात की
Modified Date: April 15, 2026 / 01:02 am IST
Published Date: April 15, 2026 1:02 am IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को अपने इजराइली समकक्ष गिदोन सआर से बात कर ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी के बीच पश्चिम एशिया संकट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

विदेश मंत्री ने ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से भी फोन पर बात की और ईरान तथा अमेरिका-इजराइल के बीच जारी संघर्ष से उत्पन्न स्थिति पर विचार-विमर्श किया।

जयशंकर से बातचीत के बाद सआर ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाली ईरान की कार्रवाई के खिलाफ “कदम उठाने” की जरूरत है।

जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, “आज दोपहर इजराइल के विदेश मंत्री के साथ टेलीफोन पर बातचीत हुई। इस दौरान पश्चिम एशिया की स्थिति के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।”

दोनों नेताओं के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है, जब इस्लामाबाद में शुरुआती वार्ता विफल होने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच नए दौर की बातचीत की कोशिशों से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं।

इजराइली विदेश मंत्री ने कहा, “हमने ईरान, होर्मुज जलडमरुमध्य और लेबनान पर चर्चा की। मैंने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने को लेकर अमेरिका का कड़ा रुख पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए बेहद अहम है।”

उन्होंने भारत समेत सभी देशों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में