लुधियाना में डिब्बे के अलग होने की घटना के बाद रेल मंत्रालय ने संरक्षा अभियान शुरू किया
लुधियाना में डिब्बे के अलग होने की घटना के बाद रेल मंत्रालय ने संरक्षा अभियान शुरू किया
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) लुधियाना स्टेशन पर छह जून को हुई एक ट्रेन दुर्घटना के बाद रेल मंत्रालय ने संरक्षा अभियान शुरू किया है। इस दुर्घटना में कटरा जाने वाली मालवा एक्सप्रेस के दो डिब्बों को जोड़ने वाला ‘कपलिंग’ अप्रत्याशित रूप से टूट गया, जिससे एक डिब्बे को भारी नुकसान पहुंचा।
एक वरिष्ठ रेल अधिकारी ने कहा, ‘‘शुरुआती जांच में पता चला है कि एक डिब्बे के संवेदनशील हिस्से में काफी जंग लगी हुई थी, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई। हमने तत्काल और कड़े सुधारात्मक उपाय करने और सभी आईसीएफ डिब्बों के लिए संरक्षा अभियान शुरू करने का फैसला किया है, जिसके तहत संवेदनशील हिस्सों में जंग और क्षरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह तक सभी डिब्बों का निरीक्षण किया जाएगा और जिन डिब्बों में काफी जंग लगी होगी, उन्हें सेवा से हटा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यालय, कार्यशाला और मंडल स्तर के अधिकारी इन निरीक्षणों की निगरानी करेंगे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘विभिन्न क्षेत्रीय रेलवे ने संरक्षा अभियान के संबंध में सूचनात्मक वीडियो जारी किए हैं।”
अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील हिस्सों के निरीक्षण के लिए एंडोस्कोपी कैमरे और अल्ट्रासोनिक थिकनेस गेज जैसे उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, समय-समय पर मरम्मत करने वाली सभी कार्यशालाओं का अगले महीने ऑडिट किया जाएगा।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


