आधुनिक डायर, कर्ज़न ‘रिमोट कंट्रोल’ से बंगाल पर शासन करने की कोशिश कर रहे हैं: अभिषेक बनर्जी

आधुनिक डायर, कर्ज़न ‘रिमोट कंट्रोल’ से बंगाल पर शासन करने की कोशिश कर रहे हैं: अभिषेक बनर्जी

आधुनिक डायर, कर्ज़न ‘रिमोट कंट्रोल’ से बंगाल पर शासन करने की कोशिश कर रहे हैं: अभिषेक बनर्जी
Modified Date: April 12, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: April 12, 2026 9:43 pm IST

कोलकाता, 12 अप्रैल (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘आज के युग के (जनरल) डायर और (लॉर्ड) कर्जन बंगाल पर ‘रिमोट कंट्रोल’ से शासन करने की कोशिश कर रहे हैं’’।

बनर्जी ने जोर देकर कहा कि राज्य की जनता ‘‘कभी भी दिल्ली के इशारों पर नहीं चलेगी’’।

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में दूसरे नंबर के नेता एवं पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने ‘‘बंगाल की जनता की अडिग जुझारू भावना’’ का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य की जनता ‘‘दिल्ली के जमींदारों की मनमानी के आगे कभी नहीं झुकेगी’’।

उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल की सरकार कभी भी दिल्ली के निर्देश पर काम नहीं करेगी।’’

डायमंड हार्बर के सांसद ने कहा, ‘‘बंगाल की जनता के अदम्य उत्साह और जुझारूपन के आगे झुककर अंग्रेजों को भी भारत की राजधानी कोलकाता से दिल्ली जाना पड़ा। आज दिल्ली में डायर और कर्जन के आधुनिक अवतार बैठे हैं तथा बंगाल को कठपुतली बनाकर यहां शासन करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

जनरल आर. डायर ने 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड के दौरान ब्रिटिश सेना का नेतृत्व किया था, जबकि लॉर्ड कर्जन भारत के वायसराय थे, जिन्होंने 1905 में तत्कालीन अविभाजित बंगाल का विभाजन किया था। व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बावजूद, औपनिवेशिक सरकार ने 1911 में बंगाल को पुनः एकीकृत कर दिया था।

बनर्जी ने कड़े संदेश में कहा, ‘‘बंगाल की सत्ता इसकी अपनी ही बेटी के हाथों में रहेगी। हम बंगालियों को खुद पर गर्व है। हम झुकेंगे नहीं। हम किसी भी दमनकारी शक्ति के सामने घुटने नहीं टेकेंगे।’’

उन्होंने भाजपा को चुनावी परिणामों की चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘बंगाल पर किए गए हर अपमान, इसके हर तिरस्कार, शोषण और उत्पीड़न के लिए, आपको चार मई को एक जोरदार ‘440 वोल्ट का झटका’ लगेगा। तैयार रहें।’’

पूर्वी मेदिनीपुर के मोयना में रोड शो के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए, बनर्जी ने भाजपा को चुनौती दी कि वह तृणमूल कांग्रेस सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं को उन राज्यों में लागू करे, जहां उसका (भाजपा का) शासन है।

उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित बिहार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने चुनाव से पहले महिलाओं को 10,000 रुपये दिए, फिर उनके घरों पर बुलडोजर भेजकर पैसे वापस मांगे। इन घटनाओं के वीडियो अब वायरल हो रहे हैं।’’

भाषा यासिर सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में