बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के शपथग्रहण समारोह में मोदी ने 98 वर्षीय माखनलाल सरकार के पैर छुए
बंगाल में भाजपा की पहली सरकार के शपथग्रहण समारोह में मोदी ने 98 वर्षीय माखनलाल सरकार के पैर छुए
(तस्वीरों के साथ जारी)
कोलकाता, नौ मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहली सरकार के शपथग्रहण समारोह में पार्टी के 98 वर्षीय वरिष्ठ नेता माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
भाजपा ने कहा कि सरकार को 1952 में कश्मीर में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह वहां भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ थे।
पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘सरकार, स्वतंत्रता के बाद भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी कार्यकर्ताओं में से एक हैं।’’
यहां ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी की सरकार के शपथग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री ने माखनलाल सरकार को मंच पर सम्मानित करते हुए उनका आशीर्वाद लेने के लिए उनके पैर छुए और वरिष्ठ नेता से गले मिलने के बाद उनका कुशलक्षेम पूछा।
वर्ष 1980 में भाजपा के गठन के बाद माखनलाल सरकार वाम मोर्चा शासित पश्चिम बंगाल में तत्कालीन पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों के संगठनात्मक समन्वयक रहे।
बयान में कहा गया, ‘‘1981 से उन्होंने लगातार सात साल तक जिलाध्यक्ष के रूप में सेवा दी। यह उस समय एक असाधारण उपलब्धि थी, जब भाजपा नेता आम तौर पर दो साल से अधिक समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रह पाते थे।’’
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


