सेंसर नियमों के उल्लंघन के मामले में ‘मॉलीवुड टाइम्स’ के निर्माता से पुलिस ने की पूछताछ

सेंसर नियमों के उल्लंघन के मामले में 'मॉलीवुड टाइम्स' के निर्माता से पुलिस ने की पूछताछ

सेंसर नियमों के उल्लंघन के मामले में ‘मॉलीवुड टाइम्स’ के निर्माता से पुलिस ने की पूछताछ
Modified Date: June 27, 2026 / 04:32 pm IST
Published Date: June 27, 2026 4:32 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 27 जून (भाषा) मलयालम फिल्म ‘मॉलीवुड टाइम्स’ से जुड़े सेंसर नियमों के कथित उल्लंघन के मामले में पुलिस ने शनिवार को फिल्म निर्माता से पूछताछ की। आरोप है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) द्वारा हटाने के निर्देश के बावजूद कुछ दृश्य और संवाद सिनेमाघरों में प्रदर्शित किए गए।

नोटिस जारी किए जाने के बाद फिल्म के निर्माता आशिक उस्मान, तिरुवल्लम पुलिस के समक्ष पेश हुए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में आरोपी बनाए गए फिल्म के निर्देशक, वितरक, डिजिटल सिनेमा कंटेंट सेवा प्रदाताओं और थिएटर मालिकों से भी आने वाले दिनों में पूछताछ की जाएगी।

तिरुवल्लम पुलिस ने 17 जून को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के तहत कार्यरत केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के क्षेत्रीय अधिकारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था।

अभिनेता नसलेन अभिनीत इस फिल्म को सीबीएफसी ने कुछ दृश्यों और आपत्तिजनक संवादों को हटाने के निर्देश देने के बाद ‘यू/ए 16 प्लस’ प्रमाणपत्र जारी किया था।

हालांकि, पुलिस का आरोप है कि पांच जून को फिल्म के रिलीज होने के बाद इसे सिनेमाघरों में ऐसे संस्करण के साथ प्रदर्शित किया गया, जिसमें बोर्ड द्वारा निर्देशित बदलाव नहीं किये गये थे और उन संवादों को भी शामिल रखा गया था जिन्हें सेंसर बोर्ड ने हटाने का निर्देश दिया था।

भाषा रंजन प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में