राजस्थान में मानसून की दस्तक, कई जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश का अलर्ट
राजस्थान में मानसून की दस्तक, कई जिलों में तेज से बहुत तेज बारिश का अलर्ट
जयपुर, दो जुलाई (भाषा) राजस्थान के कुछ हिस्सों के लिए बृहस्पतिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण तेज से बहुत तेज बारिश का अनुमान जताया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून सात दिन की देरी से राज्य में पहुंचा।
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, मानसून टोंक, जयपुर और अलवर जिलों से होकर गुजर रहा है।
विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के अन्य हिस्सों में भी मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
विभाग ने पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
बृहस्पतिवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है।
विभाग के अनुसार, कोटा संभाग के कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में मानसून सक्रिय रहेगा तथा इस दौरान क्षेत्र में भारी बारिश होने का अनुमान है।
भाषा बाकोलिया नरेश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


