राजस्थान के अनेक इलाकों में मानसून की बारिश

राजस्थान के अनेक इलाकों में मानसून की बारिश

राजस्थान के अनेक इलाकों में मानसून की बारिश
Modified Date: July 4, 2026 / 12:00 am IST
Published Date: July 4, 2026 12:00 am IST

जयपुर, तीन जुलाई (भाषा) राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया है और बीते 24 घंटे में अनेक जगह मध्यम से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

विभाग का कहना है कि मानसून के राज्य के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

विभाग के अनुसार मानसून के असर से शुक्रवार सुबह तक अनेक स्थानों पर बारिश हुई है तथा सबसे अधिक 84.0 मिलीमीटर वर्षा सांभर (जयपुर) में दर्ज की गयी।

विभाग के मुताबिक इस दौरान राज्य में पूर्वी भाग में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा एवं कहीं-कहीं भारी वर्षा तथा पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

भारी बारिश से चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और राजसमंद जिलों के शहरी इलाकों में जलभराव हो गया। इन जिलों के कई गांवों में भी पानी जमा हो गया। जयपुर में राज्य के सबसे बड़े सरकारी सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में बारिश का पानी घुस गया।

अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ईसीजी रूम और एक्स-रे सेक्शन में बारिश का पानी घुसने से मरीज़ों, तीमारदारों और अस्पताल के कर्मचारियों को काफी परेशानी हुई।

वहीं भारी बारिश के बाद शुक्रवार को शहर की व्यस्त टोंक रोड पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। वहां लगभग 25 फुट लंबा व सात फुट गहरा गड्ढा बन गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन किया।

राजधानी में शाम को हुई बारिश से कई जगह सड़कों पर जाम की स्थिति रही।

चित्तौड़गढ़ जिले में कपासन और निम्बाहेड़ा तहसीलों में रात भर हुई बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गईं। नागौर में शुक्रवार सुबह से शाम तक 18.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने अगले पांच से सात दिनों के दौरान उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभागों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान चलने एवं मध्यम से भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।

विभाग ने कहा कि कोटा संभाग के जिलों में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से सात दिन की देरी से बृहस्पतिवार को राज्य के पूर्वी भागों में पहुंचा।

मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार आज तीन जुलाई को उदयपुर, अजमेर एवं जयपुर संभागों के कुछ और भागों में मानसून आगे बढ़ा है। मौसम केंद्र के अनुसार मानसून की उत्तरी रेखा इस समय राज्य के उदयपुर, अजमेर व झुंझुनूं जिलों से होकर गुजर रही है।

इसके अनुसार आगामी तीन-चार दिन में राज्य के शेष अधिकांश भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

भाषा पृथ्वी अमित

अमित


लेखक के बारे में