राजस्थान के चूरू में ‘गौरव सेनानी रैली’ में 10 हजार से अधिक भूतपूर्व सैनिक व वीर नारी ने हिस्सा लिया
राजस्थान के चूरू में ‘गौरव सेनानी रैली’ में 10 हजार से अधिक भूतपूर्व सैनिक व वीर नारी ने हिस्सा लिया
जयपुर, आठ मार्च (भाषा) राजस्थान के चूरू जिले में सेना द्वारा रविवार को आयोजित की गई ‘गौरव सेनानी रैली’ में 10,000 से अधिक भूतपूर्व सैनिक, वीर नारी और उनके परिजन शामिल हुए।
यह आयोजन सप्त शक्ति कमांड की रणबांकुरा डिवीजन ने किया जिसमें चूरू जिले की आठ तहसीलों से आए भूतपूर्व सैनिकों ने भाग लिया।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस आयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर सप्त शक्ति कमांड के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार भूतपूर्व सैनिकों के लिए एकीकृत पूर्व सैनिक कल्याण परिसर स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि उन्हें एक ही छत के नीचे विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम में सेना कल्याण प्लेसमेंट संगठन और जिला सैनिक बोर्ड समेत विभिन्न कार्यालयों, बैंकों और सरकारी कल्याण एजेंसियों ने ‘हेल्प डेस्क’ लगाए जहां भूतपूर्व सैनिकों को पेंशन संबंधी समस्याओं, दस्तावेज अद्यतन और रोजगार के अवसरों के बारे में सहायता दी गई।
इस अवसर पर एक स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, साहसिक गतिविधियां, सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन, पाइप बैंड शो और सेना के हेलीकॉप्टरों द्वारा युद्ध कौशल का प्रदर्शन भी किया गया।
रैली में दिव्यांग भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी

Facebook


