‘आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट’ में 1.86 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए

‘आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट’ में 1.86 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए

‘आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट’ में 1.86 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए
Modified Date: June 7, 2026 / 10:15 pm IST
Published Date: June 7, 2026 10:15 pm IST

ब्रह्मपुर (ओडिशा), सात जून (भाषा) देश के सात भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थानों (आईआईएसईआर) में 2026-27 शैक्षणिक सत्र के पांच वर्षीय विज्ञान स्नातक-विज्ञान परास्नातक (बीएस-एमएस) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ‘आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट’ (आईएटी) रविवार को आयोजित किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ओडिशा के ब्रह्मपुर स्थित आईआईएसईआर ने इस वर्ष पहली बार यह परीक्षा आयोजित की।

कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक देश के 736 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई।

अधिकारियों के अनुसार, बरहामपुर, भोपाल, कोलकाता, मोहाली, पुणे, तिरुवनंतपुरम और तिरुपति स्थित आईआईएसईआर में बीएस-एमएस कार्यक्रम की 2,343 सीट के वास्ते 1.86 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था।

उन्होंने कहा कि भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) बेंगलुरु, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास, आईआईटी गुवाहाटी, भारतीय अभियांत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईईएसटी) शिबपुर और ‘इंडियन एसोसिएशन फॉर द कल्टीवेशन ऑफ साइंस’ (आईएसीएस) कोलकाता सहित कई अन्य संस्थान भी चुनिंदा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आईएटी के अंकों का उपयोग करेंगे।

प्रश्नपत्र में जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित और भौतिकी से कुल 60 बहुविकल्पीय प्रश्न थे। प्रत्येक विषय से 15 प्रश्न पूछे गए थे।

ब्रह्मपुर स्थित आईआईएसईआर के निदेशक एवं आईआईएसईआर प्रवेश बोर्ड (आईएबी)-2026 के अध्यक्ष अशोक कुमार गांगुली ने कहा, ‘‘परीक्षा सुचारू रूप से आयोजित हुई।’’

सभी आईआईएसईआर, आईएटी का आयोजन आईआईएसईआर सलाहकार बोर्ड (आईएबी) और उसकी संयुक्त प्रवेश समिति (जेएसी) के माध्यम से हर वर्ष करते हैं।

आईआईएसईआर शिक्षा मंत्रालय के तहत स्वायत्त संस्थान हैं।

भाषा सिम्मी संतोष

संतोष


लेखक के बारे में