दिल्ली में मतदाता सूची के एसआईआर के तहत 60 लाख से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए गए

दिल्ली में मतदाता सूची के एसआईआर के तहत 60 लाख से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए गए

दिल्ली में मतदाता सूची के एसआईआर के तहत 60 लाख से अधिक गणना प्रपत्र वितरित किए गए
Modified Date: July 5, 2026 / 10:24 pm IST
Published Date: July 5, 2026 10:24 pm IST

नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) दिल्ली की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पहले छह दिन में राजधानी के 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 42 प्रतिशत से अधिक लोगों को गणना प्रपत्र वितरित किए गए हैं, जबकि भरे हुए फॉर्म में से 1.4 प्रतिशत से थोड़ा अधिक का डिजिटलीकरण किया गया है। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, रविवार शाम तक राजधानी में 62,27,363 गणना प्रपत्र वितरित किए गए और 2,09,201 भरे हुए फॉर्म का डिजिटलीकरण किया गया।

दिल्ली के 1,45,10,298 पंजीकृत मतदाताओं में से 42.92 प्रतिशत को प्रपत्र वितरित किए गए, जबकि डिजिटलीकरण किए गए फॉर्म कुल मतदाताओं के 1.44 प्रतिशत के बराबर हैं।

इस बीच, दिल्ली सीईओ कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने एसआईआर-2026 अभियान के तहत अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा किया, जिसे नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने प्राप्त किया।

एसआईआर के तीसरे चरण के तहत एक महीने तक चलने वाला घर-घर सर्वेक्षण 30 जून को शुरू हुआ और 29 जुलाई तक चलेगा।

एसआईआर अभियान के तहत बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दे रहे हैं। एक प्रति रसीद के रूप में मतदाता के पास रहेगी, जबकि दूसरी प्रति बीएलओ अपने पास रखेंगे। गणना प्रपत्र के साथ कोई दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं है।

सीईओ कार्यालय के अनुसार, सात अक्टूबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रत्येक मतदाता को यह फॉर्म भरना होगा। जो मतदाता गणना प्रपत्र जमा नहीं करेंगे, उनका नाम पांच अगस्त को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में नहीं होगा।

भाषा

जोहेब दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में