सांसद नथवाणी ने शेरों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की
सांसद नथवाणी ने शेरों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की
अहमदाबाद, 27 मई (भाषा) राज्यसभा सदस्य परिमल नथवाणी ने संदिग्ध संक्रमण के कारण शेर के दो शावकों की मौत के मद्देनजर बुधवार को केंद्र और गुजरात सरकार को पत्र लिखकर एशियाई शेरों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है।
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव तथा गुजरात के वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया को लिखे पत्रों में नथवाणी ने कहा कि एशियाई शेरों के एकमात्र निवास स्थान गीर अभयारण्य में किसी भी वायरस के प्रसार को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।
मोढवाडिया ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर संक्रमण फैलने की आशंका को खारिज करते हुए कहा था कि गीर में किलनी (टिक्स) से फैलने वाले संदिग्ध ‘बेबेसिया’ संक्रमण के कारण दो शेर के शावकों की मौत हो गई थी।
नथवाणी ने कहा कि उन्हें गीर राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन और राज्य वन विभाग पर पूरा भरोसा है और उन्हें यकीन है कि वे सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठा रहे होंगे।
हालांकि, सांसद ने रेखांकित किया कि शेरों की आबादी बढ़ने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य को लेकर जोखिम भी बढ़ गया है, और ‘सीडीवी’ तथा ‘बेबेसिया’ जैसी संक्रामक बीमारियां इन प्राणियों की आबादी के लिए एक गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


