म्यांमा के राष्ट्रपति 30 मई से पांच दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे

म्यांमा के राष्ट्रपति 30 मई से पांच दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे

म्यांमा के राष्ट्रपति 30 मई से पांच दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे
Modified Date: May 28, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: May 28, 2026 9:04 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए शनिवार से भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान व्यापार और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ावा देने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

दिसंबर से जनवरी तक पड़ोसी देश में हुए संसदीय चुनाव के बाद म्यांमा से भारत की यह पहली उच्चस्तरीय यात्रा है।

म्यांमा के राष्ट्रपति को एक जून को ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस’ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आना था। शिखर सम्मेलन स्थगित होने के कारण उनकी यात्रा पुन: निर्धारित की गई।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि उनके साथ कई कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा।

इसने कहा कि राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग एक जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ दोनों देशों के बीच ‘ऐतिहासिक एवं सभ्यतागत’’ संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस यात्रा के तहत राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग 30 मई को बोधगया और 2 जून को मुंबई की यात्रा करेंगे, जहां वह व्यापार और उद्योग जगत से बातचीत करेंगे तथा विभिन्न स्थलों का दौरा करेंगे।’’

इसने कहा, ‘‘राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग की भारत की आधिकारिक यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को और अधिक मजबूती एवं गहराई मिलने की उम्मीद है।’’

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव


लेखक के बारे में